फतेहपुर जिले में सीतापुर गौशाला के पास नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर साइड में खड़े विद्युत पोल से जा टकराए। जिसमें नरैनी निवासी आदिल की मौत हो गई। वहीं बाइक में ही पीछे बैठे अरसद गंभीर रूप से घायल हो गए। चोटिल अरशद को 108 एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक आदिल के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी कस्बा निवासी मन्नान के 22 वर्षीय पुत्र आदिल अपने मित्र अरशद के साथ अपनी बहन की शादी का सामान लेने के लिए फतेहपुर शहर गए हुए थे। बाजार करके अपने घर वापस लौट रहे थे तभी सीतापुर गौशाला के पास अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराए। टक्कर लगते ही क्षेत्रीय लोग बचाव के लिए दौड़े। लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि आदिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और पीछे बैठे अरसद गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चोटिल अरशद को एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं आदिल की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना सुनकर माता मुक्तरून निशा, भाई मतीन, नदीम, बहन सिफा, आईशा सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।