कलेक्ट्रेट में पीड़ित परिवार ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब करनपुर मजरे रामपुर थरियांव का एक पीड़ित परिवार छोटे-छोटे बच्चों के साथ डीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया। परिवार ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कानूनगो तिलक दत्त ने जमीन संबंधी कार्यवाही के लिए उनसे 60 हजार रुपये की रिश्वत ली, लेकिन रकम लेने के बावजूद आज तक उनका काम नहीं किया गया।
पत्थरगढ़ी की प्रक्रिया से लेकर कोर्ट तक आदेश जारी होने के बाद भी कब्जा न मिलने पर परिवार लगातार अधिकारियों के चक्कर काटता रहा। पीड़ितों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, उल्टा दबंगों ने मारपीट और धमकी देकर उन्हें डराने की कोशिश की। आखिरकार मजबूर होकर परिवार ने कलेक्ट्रेट में हंगामा करते हुए नायब तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की।