फतेहपुर जिले में थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा हाईवे पर दुकानदार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दुकानदार रात में दो बजे दुकान से वापस घर जा रहा था। ट्रक की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बिलंदा कस्बे के रहने वाले शरदचंद्र गौड़ उर्फ लवकुश (40) पुत्र स्व. रामचंद्र गौड़ हाईवे स्थित एक ढाबा पर गुमटी रखकर परिवार का भरण पोषण करता था।
एकारी मोड़ पर स्थित गुमटी देर रात तक खोलता था। ढाबा होने से दुकानदारी देर रात तक होती थी। रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी सुंदर कोल्ड स्टोर के पास फतेहपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर ही शरदचंद्र की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी हसवा मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के एक बेटी आयुषी व बेटा राजवीर है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से वाहन का नंबर पता लगाया जा रहा है।