अब इसे इलेक्ट्रॉनिक बिजली मीटर की डिजिटल मॉनीटरिंग कहें या फिर पुराने घिर्री वाले मीटरों (मेकैनिकल मीटर) की आदत, उपभोक्ताओं को पेरशान कर रही है।
मीटर बेहद तेजी से चलने की शिकायतें और पुराने मीटरों की अपेक्षा चार से पांच गुना अधिक बिल आने के मामले केस्को में आ रहे हैं। डिवीजनों में चेक मीटर लगाकर नए मीटरों को सही कराने की एप्लीकेशन बढ़ रही हैं।
ऐसे लगवाएं चेक मीटर
अगर किसी उपभोक्ता को लगता है कि उसके मीटर में खराबी है तो डिवीजन में चेक मीटर लगाने का आवेदन कर सकता है। सिंगल फेस मीटर की फीस 150 और थ्री फेस चेक मीटर की फीस 500 रुपये है। एक महीने तक चेक मीटर की रीडिंग और शिकायती मीटर की रीडिंग का मिलान केस्को करता है।
अगर रीडिंग समान है तो खराबी नहीं है। अन्यथा मीटर बदला जाता है, गलत रीडिंग का बिल का भुगतान केस्को करता है। जीनस, एचपीएल, सेक्योर आदि कंपनियां बिजली मीटर बनाती हैं। सभी की इंपल्स दर (मीटर में जलने-बुझने वाली लाइट) अलग होती है।
खुद चेक करें अपना मीटर
उपभोक्ता खुद भी अपने बिजली मीटर की रफ्तार को चेक कर सकते हैं। किसी ब्रांडेड कंपनी का 100 वाट का बल्ब लाएं। दस घंटा लगातार बल्ब जलने पर मीटर रीडिंग एक यूनिट होगी। एक घंटा चलाएंगे तो 0.1 यूनिट रीडिंग मीटर दर्शाएगा। यह याद रहे कि चेकिंग के दौरान बल्ब के अलावा कुछ भी न जलाएं। अगर इस रीडिंग से मीटर की रीडिंग भिन्न है तो मीटर में गड़बड़ी मानी जाएगी।
बिजली बिल में मनमानी से व्यापारियों में उबाल
कानपुर। बिजली बिल बनाने में बरती गई मनमानी से व्यापारियों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को कानपुर व्यापारी एसोसिएशन के बैनर तले सिविल लाइंस केस्को एमडी के दफ्तर पहुंचे व्यापारियों ने अपनी मांगाें से संबंधित ज्ञापन एक्सईएन एके सिंह को सौंपा।
शास्त्री नगर में मीटर सिक्योरिटी के नाम पर सभी व्यापारियों के बिल में अतिरिक्त धन वसूला गया। शिकायत थी कि जो लोग पहले नया मीटर लगवाकर सिक्योरिटी दे चुके हैं, उनसे भी वसूली हो रही है। एक किलोवाट पर 400 से 700 और 2 किलोवाट पर 1400 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
वहीं, गुमटी में व्यापारियों के एक महीने के बकाया बिल पर कनेक्शन काटने के नाम पर वसूली हो रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन, महामंत्री पुष्पेंद्र जायसवाल ने बताया कि केस्को एमडी और चीफ इंजीनियर के ऑफिस में नहीं होने की वजह से एक्सईएन को ज्ञापन सौंप कर समस्याओं के समाधान की मांग की है।
कई जगहों पर पकड़ी बिजली चोरी
कानपुर। केस्को ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर कर्नलगंज क्षेत्र में अब्दुल अजीज, जैमुन निशा, मुन्ना, शमी, नौशाद, शकील समेत 20 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी। इन सभी के खिलाफ बजरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर बांस मंडी में इकबाल लाइब्रेरी के संचालक जावेद नैयर और मोहम्मद अख्तर के पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।