यूपी के फर्रुखाबाद जिले में हिस्ट्रीशीटर इजराइल की हत्या के मामले की जांच प्रेम-प्रसंग की ओर भी घूम गई है। दूसरी तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसके सीने में दाहिने ओर गोली मारी गई थी। इसके अलावा सिर में धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को जोड़ते हुए जांच कर रही है।
थाना कमालगंज के गांव नगला दाउद निवासी हिस्ट्रीशीटर इजराइल की हत्या कर शनिवार रात को शव मऊदरवाजा थाने के गांव कुइयाबूट में सड़क किनारे फेंका गया था। इजराइल के पिता ने गांव नगला दाउद निवासी यूसुफ खां, यूनुश, अलीदराज, शराफत खां, फिरोज खां के खिलाफ हत्या और असगर ईंट भट्ठा वाले पर षड्यंत्र रचने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार रात इजराइल के शव का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों ने पैनल किया।
सूत्रों के मानें तो इजराइल के सीने में दाहिने ओर गोली मारी गई थी। उसके सिर में धारदार हथियार की चोट होने का उल्लेख भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किया गया है। शव को एक्सरे के लिए रात में लोहिया अस्पताल लाया गया। एक्सरे होने के बाद पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने हत्या का राज खोजने के लिए जांच शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस प्रेम-प्रंसग समेत अन्य बिंदुओं को आधार मान कर छानबीन कर रही है। दधिबल तिवारी ने बताया कि अभी जांच शुरू की गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।