फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्रुखाबाद: गुजरात से लौटे युवक ने घर आते ही की खुदकुशी, साड़ी का फंदा बनाकर दी जान; शराब की लत बनी वजह

Fri, 08 May 2026 02:56 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद

सार

Farrukhabad News: जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव अजीजलपुर में गुजरात से घर लौटे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकने से मौत हो गई। युवक ने घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही कमरे में खुद को बंद कर लिया और साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी।
विज्ञापन
फाइल फोटो सुभाष जाटव - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात के वडोदरा में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भविष्य संवारने का सपना देखने वाला एक युवक मौत के सफर पर निकल गया। जहानगंज क्षेत्र के अजीजलपुर गांव में बृहस्पतिवार रात उस वक्त कोहराम मच गया, जब बड़ोदरा से लौटे 30 वर्षीय सुभाष का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने महज कुछ घंटे पहले ही अपने कमरे का ताला तोड़ा था और फिर उसी कमरे को मौत का ठिकाना बना लिया।

विज्ञापन

मां से फोन पर की बात, फिर कमरे का तोड़ा ताला

अजीजलपुर निवासी सुभाष जाटव (30) गुजरात के वडोदरा में नौकरी करता था। बृहस्पतिवार शाम वह लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव लौटा था। उस समय घर पर उसकी मां सुशीला मौजूद नहीं थीं, वह अपने मायके कन्नौज के सौरिख क्षेत्र गई हुई थीं। सुभाष के पास अपने कमरे की चाबी नहीं थी, जिस पर उसने फोन पर मां से बात की। मां की सहमति मिलने के बाद उसने कमरे का ताला तोड़ दिया और अंदर जाकर लेट गया। घर के दूसरे हिस्से में उसका बड़ा भाई टिंकू अपनी पत्नी बबली के साथ रहता था।

रोते बिलखते परिजन - फोटो : amar ujala

भाई खाना खिलाने पहुंचा, तो थम चुकी थीं सांसें

बड़ा भाई टिंकू कोल्ड स्टोर में मजदूरी करने गया था। देर रात करीब 10 बजे जब वह काम से वापस लौटा, तो पत्नी बबली ने सुभाष के आने की जानकारी दी। टिंकू छोटे भाई को खाना खिलाने के लिए उसके कमरे के पास पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कुंडी लगी थी और काफी आवाज देने के बाद भी कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर टिंकू ने जब खिड़की से झांककर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर सुभाष साड़ी का फंदा बनाकर कुंडे से लटका हुआ था।

सांसें बाकी थीं, पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। आनन-फानन में दरवाजे की कुंडी तोड़ी गई और सुभाष को नीचे उतारा गया। परिजनों के मुताबिक, उस समय सुभाष की मामूली सांसें चल रही थीं। परिवार को उम्मीद बंधी कि शायद वह बच जाए, लेकिन कुछ ही पलों में उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं। पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी और अब दो भाइयों में छोटे सुभाष के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विज्ञापन

शराब की लत या कोई और वजह?

सूचना मिलने पर जहानगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आसपास के लोगों के बीच चर्चा है कि सुभाष शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी तक सामने नहीं आया है। क्या वह किसी मानसिक तनाव में था या कोई और बात थी, पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का पता चल सकेगा। फिलहाल, घर में मातम छाया हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें