फर्रूखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद में बागेश्वर धाम से वापस आते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया। कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी गजेंद्र छोटे भाई रवेंद्र (27)व अन्य दोस्तों के साथ कार से 31 मार्च को बागेश्वर धाम कार से दर्शन करने गए थे। मंगलवार को वापस आते समय जनपद कन्नौज के छिबरामऊ पहुंचने पर रवेंद्र के पेट में दर्द हुआ। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
भाई व दोस्त शव लेकर घर पहुंचे। रवेंद्र के शव को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां जसोदा ने बताया कि रवेंद्र की शादी नहीं हुई थी। उससे अपने हिस्से का खेत बेच दिया था। खेत बिकवाने में दोस्तों ने ही मदद की थी। इसके बाद ही रवेंद्र अपने दोस्तों के साथ बागेश्वर दर्शन करने गया था। मां जसोदा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
छानबीन कर भाई गजेंद्र से पूरे मामले की जानकारी की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया। दरोगा अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराया है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।