कायमगंज। महिला ने पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। इलाज के दौरान महिला व उसके पति ने बताया कि उनके भाई व भतीजे ने दबंगई में उनकी दीवार तोड़कर सारा सामान निकाल लिया। पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
मोहल्ला बजरिया राधाकृष्ण निवासी प्रदीप भारद्वाज व उनके भाई सतीश के बीच मकान के बंटवारे पर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 26 मार्च को सतीश व उनके पुत्र सचिन ने प्रदीप की दीवार तोड़कर कमरे में रखा जेवर व नकदी निकाल ली। मकान पर कब्जा कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर बुधवार को प्रदीप की पत्नी अनुराधा ने जहर खा लिया। परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान प्रदीप ने बताया कि उनके परिवार के लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। उनके परिवार की महिलाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। पुलिस उनकी कोई मदद नहीं कर रही है। इससे परेशान होकर पत्नी ने उनकी गैर मौजूदगी में जहर खा लिया। ऐसा ही रहा तो वे भी जहर खाकर जान दे देंगे।
इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि पारिवारिक विवाद है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। विवाद में शांतिभंग की कार्रवाई की जा चुकी है। महिला के जहर खा लेने की उन्हें सूचना नहीं है।