फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद में हाईवे पर पिकअप का पिछला पहिया निकलने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें सवार पांच महिलाओं सहित नौ लोग घायल हो गए। बालक सहित दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अलीगढ़ के थाना विजयगढ़ के गांव वीजलपुर निवासी 24 लोग पिकअप से 11 दिसंबर को कन्नौज के मकनपुर में मदार साहब के उर्स में शामिल होने गए थे। मंगलवार दोपहर सभी लोग पिकअप पर सवार होकर अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर कस्बा स्थित रोहिला चौराहे के पास ढाबा पर सभी लोगों ने पिकअप रुकवाकर खाना खाया।
इसके बाद फर्रुखाबाद से बदायूं होते हुए अलीगढ़ के लिए जाते वक्त बरेली-इटावा हाईवे पर कारगिल पेट्रोल पंप के पास पिकअप का पीछे का पहिया निकल गया। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। उसके सवार चालक रोहतास, फकीर मोहम्मद, अनीशा, सितारा बेगम, नूरजहां नरगिस, इसरायल, रेशमा, आयुष (6) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां इसरायल व आयुष की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। बाकी सवारियों को मामूली चोटें आईं।