फतेहगढ़ के जेएनवी रोड स्थित काेचिंग में पढ़ने गये छात्र को मुर्गा बनने से मना करने पर शिक्षक ने 35 थप्पड़ जड़े। छात्रा के बाबा जब शिकायत करने गए तो उन्हें भी धमकी दी गई। छात्र के बाबा ने कोचिंग संचालक व शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फतेहगढ़ के जेएनवी रोड निवासी ओमप्रकाश त्रिपाठी ने मोहल्ले के ही कोचिंग संचालक सुमित यादव व शिक्षक अर्पित के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें कहा कि उनका पौत्र आन्जनेय त्रिपाठी सेंट एंथोनी स्कूल में कक्षा आठ छात्र है। जेएनवी रोड स्थित गोविंदा कोचिंग क्लासेज में प्रतिदिन शाम 4.30 पढ़ने जाता है। 26 अगस्त को उनका पौत्र कोचिंग पढ़ने गया तो शिक्षक अर्पित टेस्ट लेने के लिए स्कूल के विषय में जानकारी ली। इस पर पौत्र ने सात चैप्टर पढ़ाने की जानकारी दी। जबकि अन्य छात्रों ने 6 चैप्टर पढ़ाने की बात कही।
इससे नाराज शिक्षक अर्पित ने पौत्र से गली में मुर्गा बनने के लिए कहा। मना करने पर शिक्षक ने पौत्र को लगातार 35 थप्पड़ जड़ दिए। इससे पौत्र के कान में दर्द होने लगा और गाल सूज गए। पौत्र ने घर आकर जानकारी दी तो वह कोचिंग में शिकायत करने गए। इस पर कोचिंग संचालक व शिक्षक झगड़ा करने पर आमादा हो और धमकी दी। इससे उनका पौत्र काफी भयभीत और सहमा हुआ है। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।