पुलिसकर्मियों के साथ बसपा नेता अनुपम दुबे
- फोटो : अमर उजाला
शमीम हत्याकांड में अदालत में विवेचक से जिरह अभी पूरी नहीं हो सकी है। बसपा नेता अनुपम दुबे कोर्ट में पेश हुआ। सुनवाई के लिए दो दिसंबर की तारीख तय की गई। कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज के कस्बा समधन निवासी लकड़ी ठेकेदार शमीम की 25 जुलाई 1995 को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शमीम के भाई ने मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे, बाल किशन उर्फ शिशु सहित कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की विवेचना सीबीसीआईडी लखनऊ स्थानांतरित कर दी गई थी। सीबीसीआईडी के तत्कालीन इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार शर्मा ने बसपा नेता व बाल किशन उर्फ शिशु के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।
बसपा नेता ने 14 जुलाई 2021 को इंस्पेक्टर रामनिवास हत्याकांड में कोर्ट में समर्पण कर दिया था। वह तभी से मैनपुरी की जेल में बंद है। गुरुवार को लकड़ी ठेकेदार हत्याकांड में तत्कालीन विवेचक प्रमोद कुमार शर्मा को जिरह के लिए बुलाया गया। बसपा नेता व बाल किशन उर्फ शिशु भी पेशी पर पहुंचे।
विवेचक प्रमोद से बचाव व अभियोजन पक्ष के वकीलों ने जिरह की। जिरह पूरी न होने पर कोर्ट ने सुनवाई के लिए दो दिसंबर की तारीख नियत की है। बसपा नेता की पेशी को लेकर सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह की अगुवाई में फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार सिंह व पुलिस लाइन का फोर्स तैनात रहा।