फर्रुखाबाद। बिजली की बचत के लिए अब घरों में सोलर सिस्टम लगाने पर छूट दी जा रही है। इससे जहां बिजली व बिल की बचत होगी, वहीं 24 घंटे बिजली भी मिलेगी। एक किलोवाट के सिस्टम पर 29,588 रुपये का अनुदान है।
घरों में बिजली से चलने वाले आधुनिक उपकरण बढ़ते जा रहे हैं। इससे बिजली की खपत भी बढ़ी है। अधिक लोड बढ़ने पर लाइनों में फाल्ट से बिजली संकट बना रहता है।
अब केंद्र व राज्य सरकार घरों में सोलर सिस्टम लगवाने पर जोर दे रही है। इसके लिए उपभोक्ताओं को घरेलू बिजली कनेक्शन की क्षमता के अनुसार नेशनल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
लाभार्थी को पोर्टल पर दिखने वाली अपनी नजदीकी फर्म का भी चयन करना होगा।
यूपीनेडा से एक किलोवाट सोलर सिस्टम पर 60 हजार रुपये खर्च निर्धारित है। एक से तीन किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 14,588 रुपये प्रति किलोवाट व राज्य सरकार से 15 हजार रुपये प्रति किलोवाट(अधिकतम 30 हजार) रुपये अनुदान लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा।
नेडा के अवर अभियंता यशवंत सिंह ने बताया कि एक किलोवाट के सोलर सिस्टम पर अनुदान मिलने के बाद करीब 30,500 रुपये व तीन किलोवाट पर 1.08 लाख रुपये खर्च आएगा।