फर्रुखाबाद जिले में दुकान के बाहर सो रहे युवक का शव मिला। पड़ोसी दुकानदारों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। कमालगंज कस्बा के आरपी डिग्री कॉलेज मैदान के सामने स्थित राजेपुर सरायमेदा निवासी राजू की दुकान के बाहर शनिवार रात एक 30 वर्षीय युवक आया और वहीं सो गया।
रविवार सुबह लोगों ने उसे देखा तो वह कंबल ओढ़कर कर लेटा करवट बदल रहा था। पास में ढाबा चला रहे राशिद ने दोपहर करीब 1 बजे उसे खाना देने के लिए आवाज लगाई पर जवाब नहीं मिला। जब युवक को हिला कर देखा तो वह मृत पड़ा था। इस पर राकेश दिवाकर ने मामले की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह कस्बा प्रभारी नागेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। राकेश दिवाकर ने बताया कि युवक कई महीनों से आसपास घूमकर रुपये-आटा मांगता था। वह शराब पीने का आदी था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी में रखवा दिया।