Farrukhabad News: कंपिल में बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक चोर रविदास उर्फ करिया के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके पास से दिल्ली से चोरी की बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
फर्रुखाबाद जिले में अलीगंज मार्ग पर गांव कटिया के निकट कंपिल थाना पुलिस बुधवार देर रात चेकिंग कर रही थी। तभी एक बदमाश बाइक से जा रहा था। पुलिस के रोकने पर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविदास उर्फ करिया निवासी जनपद कन्नौज का बताया। पुलिस ने बदमाश को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से एक तमंचा व दो कारतूस मिले। पुलिस के अनुसार बाइक को दिल्ली से चोरी किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।