फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात कारणों से झोपड़ी में लगी भीषण आग में दो वर्षीय मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में झोपड़ी में रखा पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
गांव निवासी उर्वेश कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिवार के सभी सदस्य झोपड़ी में आराम कर रहे थे। झोपड़ी में उर्वेश कुमार, उनकी पत्नी सरिता, पुत्रियां रूद्र प्रभा व दो वर्षीय कुसुम प्रभा, पिता जदुवीर तथा माता जदुरानी मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक झोपड़ी के पीछे की ओर से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज लपटों ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।