घने कोहरे में अचानक सड़क पर आए नीलगाय को बचाने के प्रयास में कौशांबी डिपो की बस पुलिया व पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई। इसमें सीतापुर के एक यात्री और परिचालक को मामूली चोटें आईं। बस में दो यात्री बताए जा रहे हैं। घायल को सीएचसी भेजा गया। इसके बाद वह घर चले गए।
कौशांबी डिपो की एक बस बृहस्पतिवार तड़के कंपिल आ रही थी। बस सिवारा होकर अकबरपुर के पास पहुंची, तो घने कोहरे में अचानक सड़क पर नीलगाय आ गया। रफ्तार अधिक होने के चलते चालक ने बचाने का प्रयास किया, तो बस पुलिया से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित बस पेड़ से टकराते हुए खाई में पलट गई। तेज आवाज सुनकर राहगीर और ग्रामीणों ने पहुंचकर बस में फंसे चालक कासगंज जिले के थाना पटियाली के गांव बहोरा निवासी मुकेश, परिचालक अलीगढ़ जिले के गांव कासिमपुर डांडी निवासी राकेश कुमार और यात्री सीतापुर के थाना संधाना के गांव गोपालपुर निवासी सरोज कुमार (25) के अलावा एक महिला यात्री को बाहर निकाला। कुछ देर में पहुंची थाना पुलिस ने यात्री सरोज कुमार को सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि परिचालक राकेश कुमार को मामूली चोटें आईं। महिला यात्री और चालक पूरी तरह सुरक्षित मिले।
घायल सरोज कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में परीक्षा देकर लौट रहा था। वह गांव गूजरपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। मरहम पट्टी कराने के बाद वह अस्पताल से चला गया। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि वह घटनास्थल पर गए थे। यात्री और परिचालक के मामूली चोटें बताई गईं। दो ही यात्री बताए गए। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि एक यात्री को कुछ चोटें थीं उसे कायमगंज सीएचसी भेजा है।