अताईपुर जदीद गांव स्थित तंबाकू व्यापारी के गोदाम में शुक्रवार को जीएसटी एसआईबी इटावा की टीम ने छापा मारा। टीम गोदाम में मौजूद तंबाकू के स्टॉक का रजिस्टर और संबंधित अभिलेखों से मिलान कर रही है। देर रात तक जांच जारी रही। संयुक्त आयुक्त संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम में डीसी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसी जितेंद्र सिंह, सुनील कुमार, एसटीओ जमीर हसन और तरुण खरे शामिल रहे। टीम की गाड़ियां गोदाम के अंदर पहुंचने के बाद गेट बंद कर दिया गया। संयुक्त आयुक्त ने बताया कि सुभाष चंद्र आशीष कुमार एंड संस और अनीता ट्रेडर्स नाम की दो फर्मों से संबंधित गोदाम में जांच की जा रही है। स्टॉक और अभिलेखों का मिलान करने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक माह पूर्व पकड़ा गया था ट्रक
15 सितंबर को एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार मोहम्मद हसीन ने कंपिल रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास मिनी ट्रक को रोककर जांच की थी। चालक ने एक दिन पुराना ई-वे बिल और मंडी का गेट पास दिखाया था। जांच में गेट पास की वैधता अवधि समाप्त मिली थी। प्रपत्रों में दर्ज समय भी पहले का था। इसके बाद ट्रक को पुलिस अभिरक्षा में मंडी समिति परिसर में खड़ा करा दिया गया था।
अगले दिन जीएसटी मोबाइल टीम और मंडी अधिकारियों ने ट्रक में लदे माल की जांच की थी। मंडी सचिव शैलेंद्र सिंह वर्मा के अनुसार, बिल में तंबाकू चूरे का मूल्य 35 रुपये प्रति किलो दर्ज था, जबकि जांच में इसका मूल्यांकन 60 रुपये प्रति किलो किया गया। गेट पास की अवधि समाप्त होने सहित अन्य अनियमितताएं भी सामने आई थीं। इसी आधार पर छापे की कार्रवाई की गई है।