फर्रूखाबाद जिले के मोहममदाबाद में बिजली विभाग के जेई सहित पांच के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। क्षेत्र के गांव बढ़ेली निवासी कृपांती देवी ने सास शांती देवी, मालती देवी, संगीता, राम प्रताप व शहर कोतवाली के मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी बिजली विभाग के जेई शिवकुमार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
इसमें आरोप लगाया कि पति राजेश के नाम पर गांव में पैतृक जमीन है। पति से उसको तीन बच्चे हुए। पति का इसी बीच देहांत हो गया। पिता ने गांव के राजेश नाम के व्यक्ति से उसकी दूसरी शादी करवा दी। पिता ने अनुबंध करवाया कि पति राजेश की जमीन के वारिस तीनों बच्चें होंगे। इस पर जेई शिवकुमार सहित सभी लोगों ने गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए। सास की पैतृक जमीन जेई शिवकुमार ने अपने नाम करवा ली।
इन लोगों ने पति को जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके कारण पति राजेश की मानसिक स्थित खराब हो गई। उनका कानपुर में इलाज चलता रहा। सास शांती देवी ने पति के हिस्से की जमीन दान के नाम पर अपने नाम पर लिखवा ली। कुछ दिनों के बाद दान की जमीन को पुत्री मालती के नाम पर बैनामा कर दिया। जानकारी होने पर डीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। डीएम के आदेश पर दाखिल खारिज पर रोक लगा दी गई। 8 अप्रैल को इन सभी लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट कर उसको घायल दिया। उसको बच्चों सहित घर निकाल दिया।