कानपुर- फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक व उसमें बैठे दो युवकों ने सड़क किनारे कूद कर खुद को बचाया। कुछ ही देर में कार ने विकराल रूप ले लिया। पुलिस की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। थाना क्षेत्र के गांव कैंटाह निवासी धीरज प्रताप भदौरिया खेती करते हैं। बुधवार रात करीब 9 बजे उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली पर लादकर आलू के बोरे उबरीखेड़ा स्थित शीतगृह भेजे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनकी ट्रॉली से कुछ पैकेट आलू सड़क पर गिर गए हैं। इस पर धीरज भतीजे शोले ठाकुर व रवि भदौरिया के साथ अपनी कार से उबरीखेड़ा जा रहे थे। रास्ते में कतरौली पट्टी के पास अचानक उनकी चलती कार में आग लग गई। आग को देख उसमें सवार तीनों लोग सड़क किनारे कूद गए। कार आगे जाकर रुक गई। देखते ही दखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी होते ही खुदागंज चौकी प्रभारी दीपक भाटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। कुछ ही देर में दमकल कर्मियों की टीम वहां पहुंची। टैंकर से पानी डालकर आग बुझाई। हालांकि घटना में किसी के चोट नहीं आई। धीरज ने बताया कि वह कोल्ड जा रहे थे। अचानक कार में आग लग गई। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि कार में रखे एलपीजी सिलेंडर में किसी प्रकार आग लगी है। घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।