खुला खेल फर्रुखाबादी कहावत ऐसे नहीं कही गई। फर्रुखाबाद के लोग इसे चरितार्थ भी करते हैं। तभी तो वह जिसके साथ होते उसी का झंडा ऊंचा कर देते हैं। वर्ष 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सहानुभूति की ऐसी लहर चली कि उसमें फर्रुखाबादी भी बहने से नहीं रुक सके।
वह पूरी तरह कांग्रेस के साथ दिखे और उन्होंने चुनाव में 59.22 फीसदी रिकार्ड मतदान कर डाला। इसके बाद 2014 में मोदी लहर चली तो फर्रुखाबादी कुछ ज्यादा ही उफान मार गए। 1984 के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए फर्रुखाबाद को चुनावी परीक्षा में फर्स्ट डिवीजन पास करा दिया।
लोकसभा चुनाव का बिगुल फुंकते ही प्रशासन वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने में जुट गया है। मतदाता यहां के जागरूक भी हो रहे हैं। इन पर लहर व सहानुभूति का भी असर पड़ता है। तभी तो इंदिरा गांधी की मौत के बाद यहां के लोग चुनावी यज्ञ में मतदान की आहुति देने खूब निकले। उससे पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1984 के लोकसभा चुनाव में 59.22 फीसदी मतदान कर डाला।
फर्रुखाबाद से पूर्व राष्ट्रपति जाकिर हुसैन के दामाद खुर्शीद आलम खां को देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेज दिया। इसके बाद हुए लोकसभा चुनावों में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के खूब प्रयास हुए पर इस आंकड़े को ग्राफ नहीं छू सका। जब वर्ष 2014 में मोदी लहर चली तो फर्रुखाबादी भी हिलोरें मारने लगे। मतदान हुआ तो पूरे जोश के साथ घर से निकले और बूथ पर पहुंच कर पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। इससे अब तक के चुनावों में सर्वाधिक मतदान कर 60.15 फीसदी वोटिंग का रिकॉर्ड बनाया।
इमरजेंसी के बाद भी मतदाताओं में दिखा था जोश
इंदिरा गांधी की सहानुभूति हो या मोदी लहर, फर्रुखाबादियों ने मतदान में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इमरजेंसी के दौरान भी फर्रुखाबादी मतदाता पीछे नहीं रहे। इमरजेंसी के बाद वर्ष 1977 में हुए लोकसभा चुनाव में भी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए यहां के लोगों ने 58.61 फीसदी मतदान किया था।
इससे पहले 1967 में 56.80 फीसदी, 1962 में 52.40, 1957 में 55.11, जबकि पहले लोकतंत्र के हवन में 1951 में 41.21 फीसदी ही लोगों ने मताधिकार का इस्तेेमाल किया था।
कब कितने फीसदी हुआ मतदान
वर्ष मतदाता मतदान प्रतिशत
2014 1611260 970749 60.15
2009 1306214 611015 46.78
2004 1366501 665650 48.71
1999 1241968 640642 51.58
1998 1227779 715326 58.26
1996 1213726 590001 48.61
1991 959727 498644 51.96
1989 954177 531687 55.72
1984 774883 458919 59.22
1980 724527 348762 48.14
1977 637847 373816 58.61
1971 549383 291932 53.13
1967 517331 273868 56.80
1962 475245 249045 52.40
1957 450393 248224 55.11
1951 407275 167836 41.21