फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad: पोस्टमार्टम हाउस में युवक का शव कुत्तों ने नोचकर खाया, डीएम की फटकार के बाद सीएमओ ने की कार्रवाई

Sat, 08 Nov 2025 01:38 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद

सार

Farrukhabad News: सीएमओ कार्यालय के पास बने पोस्टमार्टम हाउस में अज्ञात शव को रात भर कुत्ते नोचकर खाते रहे, जिसका पता सुबह परिजनों को चला, जिसके बाद डीएम की फटकार पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम प्रभारी डॉ. दीपक कटारिया को चार्ज से हटा दिया है। उनके स्थानांतरण के लिए शासन को लिखा और छह कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की सिफारिश की।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस में जांच करते अधिकारी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फर्रुखाबाद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर दिया। मृत शरीर को जहां समाज नमन करके अंतिम विदाई देता है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की शव के साथ भी संवेदनहीनता सामने आई। सीएमओ कार्यालय के पास बने पोस्टमार्टम हाउस के पुराने भवन में रखा शव रात भर कुत्ते नोंचकर खाते रहे। सुबह पहुंचे परिजनों ने दृश्य देख शोर मचाया और डीएम को सूचना दी। डीएम की फटकार पर अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए और खुद को बचाने की जुगत में जुट गए।

विज्ञापन

सीएमओ ने पोस्टमार्टम प्रभारी डॉ. दीपक कटारिया को चार्ज से हटाकर उन्हें गैरजनपद स्थानांतरित करने के लिए शासन को लिखा है। जबकि चार आउटसोर्स कर्मचारी व दो गार्डों की सेवा समाप्ति के लिए संबंधित संस्था को लिखा है। स्वास्थ्य सेवाओं में मनमानी करने वाला स्वास्थ्य विभाग अब शवों के साथ भी मानवीयता भूल चुका है। शमसाबाद क्षेत्र में बृहस्पतिवार को मिला अज्ञात युवक का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया। पोस्टमार्टम हाउस में लापरवाही इस कदर हावी है कि कर्मचारी सील शव छोड़कर चले गए।

इशारा किया कि एक अज्ञात शव मोर्चरी में रखा है
पुरानी मोर्चरी में पटिया के नीचे रखा सील शव रात में कुत्ते नोचकर खाते रहे। शव की दुर्दशा इस कदर हुई कि खोपड़ी धड़ से करीब पांच फीट दूर पड़ा मिला। शमबसाबाद क्षेत्र के गांव चिलसरा निवासी अली मोहम्मद सोशल मीडिया पर अज्ञात शव मिलने की जानकारी सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। किसी ने इशारा किया कि एक अज्ञात शव मोर्चरी में रखा है। इस पर अली मोहम्मद ने जंगला से झांककर देखा तो शव कुत्ते नोच रहे थे। इस पर अली मोहम्मद व उनके साथियों ने शोर मचाया।

आउटसोर्स कर्मियों पर बिफरते दिखे अधिकारी
अली मोहम्मद ने शव की शिनाख्त अपने भतीजे चांद मियां (30) के रूप में की। कहा कि चांद मियां दिल्ली सिलाई करते थे। 24 अक्तूबर को वह दिल्ली से बस आते समय फैजबाग में उतर गए। वह घर नहीं पहुंचे और गायब हो गए थे। शव को कुत्ते नोचने की जानकारी जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी तक पहुंची। जिलाधिकारी ने फोन कर सीएमओ की फटकार लगाई और तत्काल पोस्टमार्टम हाउस भेजा। इससे सीएमओ के हाथ-पांव फूल गए। वह पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया और स्टोर प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी माथुर के साथ मौके पर पहुंचे। खुद को बचाने के लिए आउटसोर्स कर्मियों पर बिफरते दिखे।

शासन को लिखा है पत्र
सीएमओ ने डॉ.दीपक कटारिया को लापरवाह बताते हुए शासन को रिपोर्ट भेजने और निलंबित करवाने की चेतावनी दी। फिलहाल स्वास्थ्य अधिकारी खुद को बचाने के लिए कर्मचारियों पर सभी दोष थोपते दिखे। सीएमओ डाॅ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि इसमें पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया की लापरवाही सामने आई है। उनको चार्ज से हटाकर गैरजनपद स्थानांतरित करने के लिए शासन को लिखा है। आउट सोर्स कर्मचारी अमित, चिंटू, चौकीदार राजीव व रवि की सेवा समाप्ति के लिए संबंधित संस्था को लिखा है। वहीं गार्ड रामप्रकाश व वीरप्रताप की सेवा समाप्ति के लिए पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड कानपुर को पत्र भेजा जाएगा।
विज्ञापन

मोर्चरी के पीछे खिड़की में महीनों से टूटी जाली
जिम्मेदारों का आलम यह है कि पोस्टमार्टम हाउस की पुरानी मोर्चरी के पीछे खिड़की की जाली महीनों से टूटी है। उसी जाली से कुत्ते मोर्चरी में घुस जाते हैं। पोस्टमार्टम हाउस की व्यवस्था और कमियों को कोई देखने वाला नहीं है। खिड़की में यदि जाली लगी होती तो कुत्ते शव नोचकर नहीं खा पाते।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें