Farrukhabad News: कायमगंज में कुंडल लूट के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बरामदगी के दौरान आरोपी की फायरिंग में एक सिपाही घायल हुआ, जबकि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में पांच दिन पूर्व अलीगंज रोड पर महिला से कुंडल लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कुलदीप निवासी पटियाली (कासगंज) के रूप में हुई है। पुलिस उसे लूटे गए कुंडलों की बरामदगी के लिए गांव विराहिमपुर ले गई थी, जहां उसने पहले से छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान कुलदीप के पैर में गोली लगी, जबकि सिपाही धर्मेंद्र तिवारी के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से आरोपी को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। इससे पहले पुलिस एक अन्य आरोपी शनि निवासी दत्तू नगला को को गिरफ्तार कर चुकी है।