फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज में शराब के नशे में थाने पहुंचे सफाई कर्मी ने पत्नी की हत्या की सूचना देकर शर्ट पर लगा खून दिखाया। पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में थानाध्यक्ष फोर्स के साथ सफाई कर्मी के घर पहुंचे। वहां पत्नी सही सलामत मिली। पुलिस ने सफाई कर्मी को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला नया गनीपुर निवासी विनोद कुमार नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी है। गुरुवार को नशे में विनोद कुमार थाने पहुंचा। उसकी शर्ट पर खून लगा था। उसने एसओ जेपी शर्मा को बताया कि पत्नी की हत्या कर दी है। सफाई कर्मी की बात सुनकर एसओ के होश उड़ गए। उन्होंने सफाई कर्मी को हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया। वह फोर्स के साथ उसके घर पहुंचे।
पुलिस ने सफाई कर्मी का दरवाजा खुलवाया। पत्नी को सही सलामत पाकर राहत की सांस ली। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा थाने पहुंचे। सफाई कर्मचारी को झूठी सूचना देने पर फटकार लगाई। एसओ ने बताया कि सफाई कर्मी शराब के नशे में थाने आया, और पत्नी की हत्या करने की सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। जांच में मामला झूठा पाया गया। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।