कानपुर देहात। मिलेट्स पुनरुद्धार के तहत किसान ऑनलाइन बुकिंग के जरिए निशुल्क बीज मिनी किट ले सकते हैं। खरीफ 2026 सीजन में किसानों के लिए ज्वार के 100, बाजरा के 500, रागी के 250, सावा के 250, कोदो के 250 बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए गए हैं। अरहर बीज के 1125, मूंग के 75, उड़द के 219 और तिल के 500 बीज मिनीकिट का लक्ष्य है। विकास खंडवार इनका आवंटन कर दिया गया है। इच्छुक किसान ऑनलाइन दर्शन पोर्टल (agriculture.up.gov.in) पर बुकिंग कर सकते हैं। ई-लॉटरी के जरिए किसानों का चयन किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि चयनित किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज जाता है। राजकीय कृषि बीज भंडार से किसान निशुल्क बीज मिनीकिट ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि खरीफ की अन्य फसलों के बीज पचास फीसदी अनुदान पर उपलब्ध हैं। इसमें हरी खाद का ढेंचा बीज के साथ ही धान, अरहर, मूंग, उड़द तथा संकर बीज जैसे संकर धान, संकर मक्का, संकर ज्वार, संकर बाजरा, के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग खुली है। 10 मई को ई लॉटरी कराई जाएगी।