नौका विहार फूलबाग में लगा ताला तोड़कर मंगलवार को किसानों ने फूल मंडी लगाई। दोपहर बाद नगर निगम ने परिसर की साफ-सफाई कराई। गेट पर ताला लगाने के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
फूलबाग के नौका विहार में सुबह 5 बजे जमा हुए किसानों ने पहले सड़क पर मंडी लगाई। इसके बाद गेट पर नारियल फोड़ कर पूजन किया। उन्होंने गेट पर लगा ताला तोड़ दिया। इसके बाद अपनी अपनी दुकानें लगा ली। ताला तोड़ने की सूचना पर पहुंचे नगर निगम के कर्मियों ने फूल बेचने वालों को हटाकर फिर से ताला डाल दिया।
इसके साथ ही पीएसी तैनात कर दी गई। बता दें कि प्रशासन इसमें कोर्ट का हवाला देकर मंडी नहीं लगाने दे रहा है। दो दिन पूर्व सपा जिलाध्यक्ष महताब आलम ने मंडी विस्थापित करने का विरोध किया था। इसके बाद वह फूल व्यापारियों को लेकर मुख्यमंत्री के पास लखनऊ गए थे।
जहां पर उन्हें आश्वासन मिला था कि जब तक कोई और स्थान फूल बेचने के लिए नहीं मिल जाता है, वहां किसानों को मंडी लगाने दिया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी जगजीवन प्रसाद की तरफ से जारी पत्र में जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि किसानों की मंडी तब तक वहीं लगने दी जाए, जब तक कि उनके लिए कोई उचित स्थान न तलाश लिया जाए।
सपा नेत्री पर लगाया आरोप
फूल उत्पादक जन कल्याण किसान समिति के संरक्षक सोनेलाल यादव ने सपा नेत्री नीलम रोमिला सिंह पर मंडी हटवाने का आरोप लगाया। वह हमें तंग कर शिवाला में मंडी लगवाना चाहती है। इस मसले पर नीलम रोमिला सिंह का कहना है कि यह प्रशासन का मामला है, नगर निगम इसे देखे। उनका इनसे कोई लेना-देना नहीं है।