कानपुर। बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना में दूसरे दिन बुधवार को भी किसानों के विरोध से विकास कार्य शुरू नहीं हो पाए। केडीए अफसरों और पुलिस, पीएसी के जवानों को लौटना पड़ा। अब सख्ती से काम कराने की तैयारी की जा रही है।
केडीए ने 28 साल पुरानी इस योजना में 74 करोड़ सीवर लाइनें, नाले, यूटिलिटी डक्ट आदि बनाने के लिए ठेकेदार को दो महीने पहले कार्यादेश जारी किया था। विकास कार्यों को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन किसानों के विरोध ने इन प्रयासों पर पानी फेर दिया। बुधवार को भी केडीए की जेसीबी को काम शुरू करने में सफलता नहीं मिली। जैसे ही केडीए के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह, प्रभारी अधिशासी अभियंता अमनदीप, सहायक अभियंता सीबी पांडेय, अवर अभियंता कैलाश सिंह आदि जेसीबी लेकर काम शुरू करने के लिए पहुंचे तभी डंडे लिए महिलाओं सहित किसानों ने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। भारी पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी के बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। काम शुरू नहीं होने दिया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद केडीए अधिकारियों ने दोनों जेसीबी मैनावती मार्ग पर खड़ी करवाईं और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।