एक नेत्रहीन किसान को तकरीबन आधा दर्जन लोगों ने बेहद बर्बरता से पीटा। ताबड़तोड़ बरसते घूसे और लातों से उसके मुख से चींख तक निकल पड़ी। वह चींख भी भीड़ के गदर में कही दबकर रह गई। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद पीड़ित नेत्रहीन थाने पहुंचा। यहां उसकी कोई सुनवाईं नहीं हुई और उसे टहला दिया गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई है।
बात महज इतनी थी कि नेत्रहीन किसान ने अपने ट्यूबवेल से होने वाली सिंचाई के पैसा लोगों से मांग लिए थे। इस पर आधा दर्जन लोगों ने पहले उसकी बुरी तरह पिटाई की। नेत्रहीन किसान पर इनका अत्याचार यहीं नहीं रुका। हमलावरों ने किसान की जेब से एक हजार रुपये छीन लिए और उसे बाहर फेंक कर ट्यूबवेल पर ताला जड़ दिया गया।
हमीरपुर के कुरारा थानाक्षेत्र के भौली गांव निवासी अशोक पुत्र दिनेश ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके माता व पिता वृद्ध है। जबकि वह नेत्रहीन है। बताया कि वर्ष 2009 में उसने खेत में निजी नलकूप लगवाया था। जिससे वह अपने व दूसरे के खेतों की सिंचाई करता है। बताया कि उसने गांव के व्यक्ति के खेतों की सिंचाई की।
गुरुवार की सुबह उसने सिंचाई का पैसा मांगा। जिस पर उक्त व्यक्ति ने साथियों के साथ मिलकर मारापीटा। आरोप लगाया कि और उसके ट्यूबवेल में ताला डाल दिया। पीड़ित ने एसपी को बताया कि उसने मामले की शिकायत कुरारा थाने में की मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बताया कि एक हमलावर कुरारा थाने में होमगार्ड है। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने व जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।