फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्जमाफी से मायूस युवा किसान फांसी पर झूला

Thu, 06 Apr 2017 12:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा

सार

सरकारी घोषणा के चंद घंटे बाद कर ली आत्महत्या
मृतक पर बकाया था बैंक का साढ़े तीन लाख
कर्जमाफी दायरे से बाहर था मृतक किसान
विज्ञापन
डेमो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रदेश सरकार द्वारा लघु और सीमांत किसानों के कर्जमाफ किए जाने की घोषणा के चंद घंटे बाद ही कर्जमाफी दायरे में न आने वाले वृहद किसान ने क्षुब्ध होकर घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज है।
विज्ञापन


उप जिलाधिकारी ने कहा है कि जांच कराई जाएगी। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल ने मंगलवार को शाम अपनी पहली बैठक में लघु और सीमांत श्रेणी के किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का निर्णय लिया था। बांदा सदर तहसील की नगर पंचायत मटौंध में अचारन थोक मोहल्ले के युवा किसान कुलदीप सिंह (36) पुत्र रामभजन ने भी टीवी पर यह खबर देखी। इसी के कुछ घंटे बाद देर रात उसने घर के खपरैल में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने शव लटकता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मृतक की पत्नी बीना सिंह और छोटे भाई योगेंद्र ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि कुलदीप के पास मटौंध में ही 22 बीघा जमीन है। करीब पांच वर्षों पूर्व उसने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की मटौंध ब्रांच से खेती के लिए एक लाख रुपये कर्ज लिया था। मटौंध क्षेत्र में सिंचाई का कोई साधन नहीं है। सिर्फ बारिश पर ही फसल निर्भर है। लेकिन कई सालों से सूखा और अन्य दैवी आपदाओं के चलते फसल नहीं हुई। नतीजे में बैंक का कर्ज अदा नहीं कर पाया। अदायगी के लिए बैंक का दबाव लगातार बना हुआ था। इधर, उसे उम्मीद थी कि अपने वादे के मुताबिक प्रदेश की नई भाजपा सरकार कर्ज माफ कर देगी। 
विज्ञापन


भाई योगेंद्र ने बताया कि मंगलवार को शाम सिर्फ लघु और सीमांत किसानों के कर्ज माफ किए जाने की खबर टीवी में देखने के बाद कुलदीप मायूस और चिंताग्रस्त हो गया। देर रात कुलदीप अपने कमरे में सोने चला गया। बगल के कमरे में उसकी पत्नी और तीनों मासूम पुत्रियां सो रही थीं। रात में किसी समय कुलदीप खपरैल में रस्सी बांधकर फांसी पर झूल गया। किसी को भनक नहीं लगी। सुबह शव लटकता मिला। 

उधर, सदर उपजिलाधिकारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि वह रामनवमी जुलूस में व्यस्त थे। देर शाम उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। वह राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को भेजकर पूरी जांच कराएंगे। मृतक के आश्रितों को नियमानुसार मदद की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मटौंध थानाध्यक्ष अनीता सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें भी मृतक के कर्जदार होने की बात पता चली है। उधर, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक मटौंध के मैनेजर से उनके फोन पर संपर्क करने की काफी कोशिश की गई। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। 
विज्ञापन


                                    
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें