यूपी के बांदा जिले में लगातार यूरिया खाद न मिलने से परेशान एक किसान ने खाद के पैसों से शराब पी ली। शराब के नशे में उसका घर पर पत्नी से झगड़ा हो गया जिसकी वजह से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रविवार को बांदा में टिंडवरी थाना क्षेत्र के पिपरगवा गांव में किसान अरविंद कुमार प्रजापति(48) ने फांसी लगा ली। अरविंद कुमार प्रजापति पुत्र जवाहर लाल प्रजापति पिछले तीन दिनों से लगातार क्षेत्र की सरकारी समिति में यूरिया खाद लेने जाता था, रविवार को भी वह यूरिया लेने गया था लेकिन यूरिया न मिलने के कारण अरविंद ने उस पैसे से शराब खरीदी और पी गया।
घर जाकर पत्नी से झगड़ने लगा। विवाद बढने पर उसने खेत पर जाकर फांसी लगा ली। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों ने शव को नीचे उतारा व मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।
अरविंद के ऊपर बैंक का भी थोड़ा लोन था, राजस्व कर्मी व लेखपाल ने अरविंद के घर का निरीक्षण किया ताकि उसके परिवार को परिवार कल्याण योजनाओं के तहत कुछ सुविधा प्रदान की जा सके।