कन्नौज के थुलरिया गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। किसान की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा काटा।
कन्नौज के खड़नी क्षेत्र के थुलरिया गांव में रहने वाले किसान महेन्द्र 40 पुत्र लज्जा राम ने ग्राम खटकरी निवासी राम प्रताप सिंह का खेत बटाई पर लिया था। रविवार को धान की पौध की रोपाई होनी थी।
सुबह तड़के महेंद्र उसी के लिए खेत में पम्प चला कर पानी देने के लिए घर से अपनी साइकिल से खेत जा रहे थे। थुलरिया निवासी रछपाल के खेत के पास इनके उपर 11000 हाई टेंशन का तार गिर गया जिससे महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद भी बिजली कर्मचारियों व प्रशासनिक अधिकारी के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया है।