जसवंतनगर। क्षेत्र के गांव कटेखेड़ा निवासी एक किसान की खेत में पानी लगाते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अनुज कुमार निवासी ग्राम सरायभूपत कटेखेड़ा रविवार शाम को अपने ट्यूबवेल से खेत में पानी लगाने गए थे। तभी वह बिजली के खंभे में सपोर्ट के लिए लगे तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से मौके पर अचेत होकर गिर पड़े। खेतों में काम कर रहे किसानों ने परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को उपनिरीक्षक उमेश पटेल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। (संवाद)