रूरा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के पतरा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसल जाने से किसान का दाहिना हाथ कट गया। मौके पर पहुंचे परिजन किसान को इलाज के लिए हैलट कानपुर नगर ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रोशनमऊ निवासी विमल ने बताया कि पिता रामभरोसे खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह पिता बहन सुनीता के घर अंबियापुर जाने के लिए निकले थे। पतरा स्टेशन पर सुबह 8:30 बजे के करीब मेमू ट्रेन में चढ़ते वक्त पैर फिसल जाने से वह ट्रेन के नीचे आ गए। इससे उनका दाहिना हाथ कट गया। पुलिस की ओर से सूचना मिलने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। परिजन पिता को इलाज के लिए हैलट कानपुर नगर ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अनहोनी पर बेटे विमल, कुलदीप व ब्रजेश रोने लगे। ब्रजेश ने बताया कि कुछ साल पहले मां चंपा देवी की मौत हो गई थी। अब हादसे में उनके सिर से पिता का भी साया छिन गया। रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि किसान की मौत कानपुर में हुई है। वहीं, उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।