औरैया जिले में बेला क्षेत्र के याकूबपुर में शुक्रवार सुबह खेत जा रहे किसान को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही किसान की मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया है।
याकूबपुर निवासी छोटेलाल ने बताया कि उसका बेटा सर्वेश (38) शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे खेतों पर जाने की बात कहकर निकला था। खेत पहुंचने से पहले ही किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। भोर पहर होने की वजह से ज्यादा चहलकदमी नहीं थी। जिस कारण घटना की जानकारी देरी से लोगों को हो सकी।
राहगीरों की ओर से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इधर कुछ अक्रोशित लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया। इस बीच पहुंची पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझाते हुए घटना की जांच किए जाने का आश्वासन दिया। बेला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।