कानपुर देहात। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के थानापुरवा गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार रात को ओवर लोड डंपरों का विरोध करने पर हिस्ट्रीशीटर की ओर से किसान को पीटने व फायरिंग करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि मामले में थाना पुलिस के कार्रवाई न करने पर उन लोगों ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है। थानापुरवा निवासी बृजभान सिंह, वीर सिंह संखवार, सुशील संखवार, राजबहादुर, लवकुश शर्मा, सुचेंद्र सिंह, रविंद्र राजपूत, शिवम आदि बुधवार दोपहर को मुख्यालय पहुंचे और क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन किए जाने का आरोप लगाकर एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। बृजभान सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। मिट्टी लेकर जाने वाले ओवरलोड डंपरों की वजह से गांव की इंटरलॉकिंग सड़क उखड़ रही है।
इस पर ग्रामीणों ने मंगलवार रात को विरोध जताते हुए डंपर रोक लिए और इंटरलॉकिंग से डंपर न निकालने को कहा। रात 12 बजे के करीब वह घर लौट रहा था तभी खनन करवा रहे चार लोगों ने असलहों के दम पर उसका रास्ता रोकर लिया। एक हिस्ट्रीशीटर ने खनन रुकवाने में उसका हाथ होने की बात कहते हुए उसको थप्पड़ मारते हुए धमकी दी। इसी बीच किसी युवक ने तमंचे से फायर कर दिया।
जान बचाने के लिए वह अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर पास के मक्के के खेत में छिप गया। आरोप लगाया कि खनन करवाने वाले युवक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, यहां तक कि पुलिस भी उसके खिलाफ दो बार गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर चुकी है।
रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि मारपीट व फायरिंग करने के आरोप निराधार हैं। निभू ग्राम पंचायत में युवक की ओर से खनन विभाग से अनुमति लेने के बाद खनन किया जा रहा था। थानापुरवा के लोगों की ओर से खनन कर रहे लोगों पर रुपये मांगने का दबाव बनाया जा रहा था। सूचना मिलने पर रात में पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में कार्रवाई की है। एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। ग्रामीणों के आरोपों की जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।