आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से हंगामा करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के दोस्तीनगर में 12 मई को संदिग्ध हालात में युवती की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजन सोमवार को सड़क पर उतर आए। एसपी आफिस के निकट मृतका की बहन, पिता, मां व भाई ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर जाम लगाया। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद सीओ ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए व जाम हटाया।
सदर कोतवाली के दोस्ती नगर निवासी सतेंद्र सिंह की पत्नी उमांगिनी की 12 मई को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के दौरान उमांगिनी के भाई ने बहन की हत्या का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी थी। इस पर पुलिस अधजले शव को चिता से उठा लाई थी।
पिता संतोष सिंह ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने पति सतेंद्र सिंह, ससुर भंवर सिंह, सास, जेठ मीनू व टीनू, जेठानी प्रिया व चांदनी के खिलाफ हत्या व दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। इस पर सोमवार को उमांगिनी के पिता संतोष, मां सरोज, बहन दीपा व भाई आदर्श व शिवम एसपी आफिस के निकट पहुंच गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए उन्होंने चौराहा पर जाम लगा दिया। पुलिस व शासन के खिलाफ वह एक घंटे तक नारेबाजी करते रहे। हंगामा बढ़ने पर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज अमर सिंह व महिला दरोगा सुनीता चौरसिया मौके पर पहुंची। इस बीच सीओ सिटी उमेश चंद्र त्यागी भी पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को शांत करा जाम हटवाया।
इसके बाद वह परिजनों को लेकर अपने कार्यालय चले गए। जहां उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। वहीं, उमांगिनी की मां सरोज सिंह ने कहा कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी की हत्या कर दी। अब वह उसके बच्चे की भी हत्या कर देंगे। मां सरोज सिंह ने पुलिस से उमांगिनी के बच्चे को भी उनके सुपुर्द कराने की मांग की है।