इसी कमरे की खिड़की में लगी ग्रिल को उखाड़कर की गई चोरी।
- फोटो : DEHAT
चौबेपुर (बिल्हौर)। थाना क्षेत्र के दिलीप नगर गांव में शनिवार रात मकान के पीछे लगी खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोरों ने नगदी-जेवर समेत 13 लाख का माल पार कर दिया। वारदात के वक्त घर के कुछ सदस्य कमरों और कुछ छत पर सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी होने पर थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुला छानबीन कराई पर चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दिलीप नगर गांव निवासी राधेश्याम यादव अपने दो अन्य भाइयों अशर्फीलाल व अलोपी के परिवारों के साथ संयुक्त रूप से एक ही मकान में रहते हैं। अशर्फीलाल सेवानिवृत्त शिक्षक और दोनों भाई खेती किसानी करते हैं। परिवार के दो सदस्य विभिन्न विभागों में अच्छे पदों पर तैनात हैं, जो दो दिन पहले ही अवकाश पर घर आए थे। शनिवार रात भोजन के बाद परिवार के कुछ लोग कमरों में तो कुछ लोग छत पर सो गए। तभी किसी वक्त मौका पाकर चोर मकान के पीछे लगी खिड़की को उखाड़ने के बाद घर के मुख्य कमरे में जा पहुंचे। वहां रखीं दो लोहे की अलमारियों और दो बक्सों में रखे सोने चांदी के जेवरात व नकदी उठा ली। सुबह चोरी की जानकारी हो सकी।
गृहस्वामी राधेश्याम ने बताया कि बड़े भाई अलोपी की बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। जिसके लिए जेवरात आदि भी खरीद कर रखे थे। चोरों ने बहू, बेटियों के लगभग नौ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरों के अलावा तीन लाख बहत्तर हजार पांच सौ रुपये नगद पार कर दिए। थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय ने बताया कि पीड़ित का मकान गांव की बस्ती से दूर खेतों की साइड में है, जिसके चलते चोरों को वारदात करने में आसानी रही। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बोझा गांव में भी वारदात
चौबेपुर (बिल्हौर)। शनिवार रात चोरों ने दिलीप नगर गांव में बड़ी वारदात से पहले इलाके के ही बोझा गांव में भी तीन घरों में चोरी का प्रयास किया। यहां दो घरों में ताले तोड़ने में असफल रहे चोर एक घर से पांच हजार की नगदी उठा ले गए। पूछताछ के तमाम पचड़ों के चलते पीड़ितों ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से नहीं की। ग्रामीणों की मानें तो बिकरू कांड के बाद पुलिस का सारा ध्यान केवल वहीं तक सीमित होकर रह गया है।