अवैध शस्त्र लाइसेंंस बनाने वाले चार गिरफ्तार
कानपुर शहर में अराजकतत्वों का फर्जी लाइसेंस बनाकर उनको शस्त्र बेचने का गोरखधंधा चल रहा है। मंगलवार को एटीएस ने चार असलहा दुकानदारों को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया। चारों दुकानदारों से अब तक 29 फर्जी लाइसेंस बनाकर असलहा बेचने का पता चला है। इसमें ज्यादातर असलहे नक्सलियों को बेचने की बात सामने आई है। इसके अलावा अराजकतत्वों को कारतूस सप्लाई का भी पता चला है। एटीएस ने कुछ और दुकानदारों के शामिल होने का शक जताया है। जिनके खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं।
सीओ मनीष चंद्र सोनकर का कहना है कि अभी जांच शुरू हुई। इसमें और भी फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है। आतंकियों से जुड़े दुकानदार से मिला था सुराग एटीएस ने उज्जैन-भोपाल पैसेंजर ब्लास्ट कांड में शहर से सात आतंकियों को पकड़ा था। उनसे पूछताछ में एटीएस को पता चला कि वे गीतानगर स्थित शस्त्र दुकानदार से कारतूस और हथियार लेते हैं। एटीएस ने उनकी निशानदेही पर दुकानदार को उठाकर पूछताछ की, तो इस ‘खेल’ का पता चला।