फर्रुखाबाद के कासगंज में अनामिका नाम से सुप्रिया को नौकरी दिलाने वाला मास्टरमाइंड शिक्षक व सुप्रिया सोशल मीडिया से दूर रहते थे। दोनों का न तो फेसबुक एकाउंट है और न ही व्हाट्सएप मोबाइल नंबर। इसलिए आरोपी शिक्षक तक न तो पुलिस पहुंच पा रही है और न ही शिक्षा विभाग।
अनामिका नाम से कायमगंज के गांव रजपालपुर निवासी सुप्रिया को कासगंज के बा विद्यालय में नौकरी दिलाने वाला गायब हो गया है। इसका सुराग न तो पुलिस को मिल रहा है और न ही शिक्षा विभाग को। सूत्रों के मुताबिक मास्टरमाइंड शिक्षक कायमगंज में ही तैनात है, लेकिन उसकी कोई फोटो आदि न होने से पहचान नहीं हो पा रही है।
वह सोशल मीडिया से दूर रहता था और सुप्रिया को भी यही हिदायत दे रखी थी। दोनों में किसी की भी फेसबुक आईडी नहीं है। पता चला है कि सुप्रिया के भाई-बहन भी पढ़े-लिखे हैं और एंड्रॉयड फोन का भी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फेसबुक एकाउंट किसी का नहीं है।
इसके पीछे भी मास्टरमाइंड की ही सलाह मानी जा रही है। पिता महिपाल सिंह ने भी घर में किसी के फेसबुक न चलाने की बात कही है। अगर मास्टरमाइंड का फोटो मिल जाए तो कायमगंज बीआरसी से उसकी आसानी से शिनाख्त हो सकती है।