एनएचएम में संविदा के 1593 पदों पर भर्ती के लिए फर्जी विज्ञापन जारी कर दिया गया। आवेदकों ने नौकरी के लिए जब यूपी के उन्नाव जिले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। एनएचएम ने प्रदेश के सभी सीएमओ को पत्र भेजकर किसी भी तरह की भर्ती किए जाने से इंकार किया है। पत्र के मुताबिक धोखाधड़ी करने वालों ने इस तरह का विज्ञापन प्रकाशित कराया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के पत्र संख्या एफ 20(504) एनएचएम/एचआरटी/2018/1308 में प्रदेश के चार मंडलों में काउंसलर, कंप्यूटर ऑपरेटर और वार्ड ब्वाय के लिए 1593 पदों पर भर्ती के लिए 27 अगस्त को एक विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। विज्ञापन में पांच वर्ष तक के अनुबंध का जिक्र था। विज्ञापन में 27 सितंबर तक लोगों से आवेदन एक निजी संस्था की वेबसाइट पर करने के निर्देश दिए गए थे। इस बीच कुछ लोगों ने मामले की हकीकत जानने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क शुरू किया तो अधिकारियों ने ऐसे किसी भी भर्ती की जानकारी होने से इंकार कर दिया।