कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवक ने एक लड़की को बहन बनाया और फिर भगा ले गया। मां ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। लड़की अपने साथ तीन लाख के जेवरात और 25 हजार नगद व एटीएम कार्ड भी ले गई है। इस खाते में करीब डेढ़ लाख रुपये हैं।
गुजैनी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बिहार के रहने वाले किसी रमन नाम के व्यक्ति से बात करती थी। करीब एक साल पहले रमन उनके घर आया तो उन्होंने रमन की आईडी चेक की, जिसमें उसका नाम अफजल अली लिखा था। उन्होंने उसे घर से भगा दिया लेकिन उसने फोन कर बेटी को अपनी बहन बताया।
इस पर उस पर विश्वास कर लिया। गुरुवार को बेटी सहेली के घर जन्मदिन पर जाने की बात बोलकर निकली और लापता हो गई। अफजल का फोन भी स्विच आफ है। थाना प्रभारी अनुराग मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपरिवर्तन कराने का आरोपी गिरफ्तार
महाराजपुर थाना क्षेत्र में किशोरी को अगवाकर जबरन धर्मपरिवर्तन कराने केआरोपी तांत्रिक महाराजपुर तिलशहरी खुर्द निवासी फैय्याज अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।