कानपुर देहात। बारा टोल के पास वाहन का इंतजार कर रहे फैक्टरी कर्मियों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मिर्जापुर जनपद के थाना पड़री क्षेत्र के देवरी गांव निवासी अविशेष कुमार दुबे (32) अकबरपुर में किराये पर रहकर उमरन की एक आइस्क्रीम फैक्टरी में काम करते थे। शुक्रवार शाम को ड्यूटी खत्म होने पर वह साथी रोहित यादव के साथ अकबरपुर आने के लिए बारा टोल के पास हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा होने के बाद पहुंचे टोल कर्मियों और पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां अविशेष को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के घर वालों को हादसे की जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)