कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरीदपुर के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार फैक्टरी कर्मी रमेश सिंह (25) को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टर ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रनियां थाना क्षेत्र के धौकलपुर निवासी रमेश सिंह पुत्र मान सिंह रनियां की एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब वह घर से मुरीदपुर जाने की बात कह बाइक से निकले। कानपुर-झांसी हाईवे पर मुरीदपुर व लालपुर के बीच ओवरब्रिज के पास पहुंचने पर पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक समेत सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट आई। लोगों ने पुलिस को जानकारी देने के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में डॉ. निशांत पाठक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मां रानी देवी, पत्नी देवकी, भाई मनोज, प्रमोद अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोग बिलखते रहे। परिवार के दिनेश ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ देर पहले रमेश ने किसी परिचित से मिलने के बाद कचहरी आने की बात कही थी। इसके बाद ही हादसे की जानकारी मिल गई। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
11 माह पहले हुई थी शादी पत्नी बदहवाश
रमेश की मौत की जानकारी पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का हाल बेहाल रहा। रोते बिलखते हुए भाई प्रमोद ने बताया कि बड़े भाई रमेश की शादी पिछले वर्ष 20 जून को हुई थी। इधर पति की मौत पर पत्नी देवकी भी बिलखती रही। परिवार के लोग पत्नी व अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाते रहे।
-
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
रमेश की मौत के बाद मां रानी देवी का बुरा हाल था। वह बार बार यही कह रही थी ईश्वर ने सब कुछ छीन लिया। मृतक के भाई प्रमोद ने बताया कि पिता मान सिंह की पांच माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। घर की जिम्मेदारी बड़े भाई रमेश पर थी। उसकी मौत के बाद से परिवार टूट गया है।