पुलिस कंट्रोल रूम, ड्रोन कैमरों के अलावा डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया गया
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-आगरा आगरा एक्सप्रेस-वे का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज 11 बजे उद्घाटन करेंगे। सामारोह में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति, पशुधन मंत्री जियाउद्दीन रिजवी, पंचायतीराज मंत्री कैलाश कुमार, मुख्य सचिव राहुल भटनागर, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन समेत करीब 500 वीवीआईपी और सेलेब्रिटी शिरकत करेंगे। उद्घाटन के बाद बांगरमऊ के खंभौली गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर बनी हवाई पट्टी पर एयर फोर्स के 11 सुपर सोनिक विमान (मेराज, सुखोई आदि) लैंडिंग, टेकऑफ का प्रर्दशन और करतब दिखाएंगे।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन और वायुसेना के फाइटर प्लेनों के करतब के दौरान उन्नाव में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम रहेंगे। वीवीआईपी की सुरक्षा, भीड़ को नियंत्रित करने और पार्किंग व्यवस्था समेत सभास्थल और आसपास की सुरक्षा के लिए लखनऊ मंडल और अन्य जिलों के पांच हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें एसएसपी, एसपी, एएसपी, सीओ, इंस्पेक्टर, एसओ और सिपाही शामिल हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस कंट्रोल रूम, ड्रोन कैमरों के अलावा डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का चप्पा-चप्पा खंगाला। एयर फोर्स की फायर फाइटर टीम भी अत्याधुनिक उपकरणों के साथ डटी है।
सीएम के संबोधन और उद्घाटन के लिए अलग-अलग मंच बनाए गए हैं। एक्सप्रेस वे के दोनों ओर स्टील रॉड से वाटर प्रूफ मंच बनाया गया है। एयर स्ट्रिप के सामने सड़क के नीचे खेतों में 25 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। आगे की तरफ वीआईपी गैलरी और पत्रकार दीर्घा रहेगी।
संबोधन से पहले सीएम अखिलेश यादव फाइटर प्लेनों को उड़ान के लिए हरी झंडी दिखाएंगे। रनवे के फुटपाथ पर एयरफोर्स का कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रशासन के पांच हेलीकाप्टरों के लिए लखनऊ की ओर हेलीपैड बनाए गए हैं। हेलीकाप्टरों से प्रशासनिक अधिकारी और मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य आएंगे।