Exercise for making ROB on Saraiya railway crossing started
- फोटो : SHUKLGANJ
शुक्लागंज। सरैया रेलवे क्रासिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से जल्द लोगाें को निजात मिलेगी। रेलवे और राज्य सेतु निगम ने की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद सरैया रेलवे क्रासिंग पर आरओबी बनाए जाने की कवायद शुक्रवार से शुरू हो गई है। जिसके लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य प्रथम चरण में शुरू हो गया है। मिट्टी परीक्षण की जांच रिपोर्ट भुवनेश्वर व नई दिल्ली की लैब देंगी जिसके बाद आरओबी बनाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। 35 मीटर गहराई तक की मिट्टी का सैंपल जांच को भेजा जाएगा। जिसकी रिपोर्ट 15 से 20 दिनों में आएगी।
बताते चलें कि तीन वर्षों से सरैया रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए जाने को लेकर रस्साकसी चल रही थी। कुछ दिन पहले ही राज्य सेतु निगम और रेलवे ने पुल निर्माण को हरी झंडी दे दी। बता दें कि वर्ष 2016-17 में आरओबी निर्माण की लागत जहां करीब 74 करोड़ रुपये आ रही थी वहीं अब करीब सौ करोड़ आंकी जा रही है। पुल की लंबाई करीब आठ सौ मीटर होगी। पुल बैराज मार्ग के सरैया गांव की ओर से शुरू होकर मरहला चौराहे पर उतरेगा। पुल निर्माण में रेलवे 30 फ ीसदी व सेतु निगम 70 फ ीसदी का खर्च वहन करेगा। मिट्टी परीक्षण का कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है।
जिसका परीक्षण करने वाली एक कंपनी के सुपरवाइजर संजय सिंह ने बताया कि उनकी पांच सदस्यीय टीम सरैया क्रासिंग पर डेरा डाले है। कैंप लगाकर टीम मिट्टी परीक्षण का कार्य एक सप्ताह तक करेगी। इस बीच हर डेढ़ मीटर की गहराई में मिट्टी के सैंपल लिए जाएंगे। कुल 35 मीटर की गहराई से सैंपल एकत्र कर उन्हें भुवनेश्वर व नई दिल्ली की लैब में भेजा जाएगा जहां पर मिट्टी की जांच होगी। बताया कि रिपोर्ट में यह देखा जाता है कि मिट्टी कितना भार वहन कर सकती है। क्याेंकि उसी के आधार पर पूर खाका तैयार होता है। पुल बनाए जाने को विभागीय हरी झंडी मिल चुकी है। जिसके बाद ही टीम को यहां मिट्टी परीक्षण के लिए भेजा गया है।
जल्द हटाया जा सकता अतिक्रमण
मिट्टी परीक्षण के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी भी दिन रेलवे के निर्देश पर आरपीएफ सरैया रेलवे क्रासिंग पर हुए अतिक्रमण को गिरा सकती है। बताते चलें कि क्रासिंग के निकट करीब आधा सैकड़ा स्थायी व अस्थायी कब्जे कर लोगों ने दुकानें खोल ली हैं। जिन पर जल्द ही कार्रवाई होगी।
Exercise for making ROB on Saraiya railway crossing started- फोटो : SHUKLGANJ