महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) के यूजी-पीजी विषम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म 13 अक्तूबर से भरे जाएंगे। ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 28 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
जनपद के 23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि बीयू परिसर और संबद्ध कॉलेजों में संचालित व्यावसायिक व गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं माह नवंबर में प्रस्तावित हैं। इनमें नियमित, व्यक्तिगत, भूतपूर्व और एकल विषय के छात्र शामिल हैं। परीक्षा के लिए आवेदन संस्थागत, व्यक्तिगत (समर्थ पोर्टल से प्रवेशित प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के छात्रों को छोड़कर), भूतपूर्व, बैक पेपर और श्रेणी सुधार के अभ्यर्थियों के लिए हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि निर्धारित तिथि तक आवेदन न करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर नहीं मिलेगा। विद्यार्थी बीयू की वेबसाइट पर आवेदन भर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम व एमएससी जैसे पारंपरिक पाठ्यक्रम की माह नवंबर में परीक्षाएं होंगी। बीटेक, बीएससी ऑनर्स, बीबीए, बीफार्मा, बीपीएड, एलएलबी, बीएससी कृषि, एमएससी, एलएलएम जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी इसमें शामिल हैं।