घटना की जांच करने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इटावा में चंदेठी गांव के पूर्व बीडीसी सदस्य की गुरुवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भतीजे ने हत्या की आशंका जताई है। चंदेठी निवासी राजकुमार उर्फ गुरु (58) पुत्र पुत्तूलाल गांव में अकेले रहते थे।
वे 1995 और 2006 में वह बीडीसी सदस्य रह चुके हैं। उनकी पत्नी की 2014 में मौत हो चुकी है और बेटा सुबोध सिपाही हैं। बेटे की तैनाती शाहजहांपुर में है। राजकुमार की बहू और छोटी बेटी मधु इटावा शहर में रहती हैं। शुक्रवार सुबह सात बजे गांव का नाऊ राजकुमार के घर न्योता देने गया था।
उसने बाहर से कई बार आवाज लगाई। उत्तर न मिलने पर पड़ोस में रहने वाले भाई जसवंत को सूचना दी। इस पर जसवंत बेटे अंकुर के साथ कमरे में पहुंचे। वहां राजकुमार का शव जमीन पर पड़ा था। पास पड़े तखत पर बिस्तर लगा था। परिजनों की सूचना पर पुलिस कोतवाल महेंद्र प्रताप सिंह गांव पहुंचे।
उन्होंने बताया कि राजकुमार के चेहरे, बाएं हाथ और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भतीजे ने हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है लेकिन अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।