कानपुर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लोगों के लिए आय एवं संपत्ति आधारित प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया 16 सितंबर से ऑनलाइन कर दी गई है। अब आवेदक घर बैठे आवेदन कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे। इससे तहसील के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रमाणपत्र का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
पहले आवेदन मैनुअल होता था। लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट तथा अभिलेखों के सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र जारी किया जाता था। नई व्यवस्था में ऑनलाइन आवेदन के बाद तहसील स्तर पर कागजातों का सत्यापन होगा और पात्र पाए जाने पर प्रमाणपत्र ऑनलाइन जारी किया जाएगा। हर प्रमाणपत्र को डिजिटल नंबर मिलेगा, जिससे उसकी पहचान और सत्यापन आसान होगा और फर्जीवाड़े पर रोक में मदद मिलेगी।
सदर तहसील में अप्रैल-मई में 10 हजार से अधिक ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जारी हुए थे, जबकि अन्य महीनों में करीब 150-200 प्रमाणपत्र जारी होते हैं। नई व्यवस्था का लाभ सदर, नरवल, बिल्हौर और घाटमपुर तहसीलों के आवेदकों को मिलेगा। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास, परिवार का आय प्रमाणपत्र, भूमि संबंधी अभिलेख और फोटो अपलोड करना होगा।