76-आर्म्ड रेजीमेंट अपनी पोजीशन लेते हुए आगे बढ़ी, दुश्मन सामने से घेराबंदी करने की फिराक में है अटैक...तेजी से आगे बढ़ते हुए भारतीय सेना के टैंक ने दुश्मनों पर हमला बोल दिया और उनके कैंप को तबाह करने के साथ ही कब्जा कर लिया।
यह सीन बॉर्डर पर युद्ध के दौरान का नहीं, बल्कि कानपुर के कैंट के कैवेलरी ग्राउंड में गुरुवार को सैन्य प्रदर्शनी शुभारंभ से पहले रिहर्सल के दौरान देखने को मिला। यह नजारा आप भी आज देख सकते हैं। कैवेलरी ग्राउंड में शुक्रवार से दो दिवसीय सैन्य प्रदर्शनी का शुभारंभ होने जा रहा है। इसमें सेना के शस्त्रों की प्रदर्शनी के साथ ही युद्ध का रिहर्सल भी होगा।
स्टेशन हेडक्वार्टर कैंट में गुरुवार को कर्नल दुष्यंत सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर कैंट के कैवेलरी ग्राउंड में 20 और 21 जनवरी को ‘नो योर फोर्सेज’ प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। इसमें सेना के टैंक, गोला, बारूद, ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों में बनने वाले शस्त्र, आर्टिलरी, सांकेतिक यंत्र और एरो मॉडल्स (राष्ट्रीय कैडिट कोर), बम निरोधक दस्ता के साथ अन्य भारतीय सेना में प्रयोग होने वाले हथियारों को रखा गया है। लोग शस्त्रों को देखने के साथ ही युद्ध के दौरान उनके प्रयोग की गतिविधियों को भी देख सकेंगे। यह पहला मौका है जब प्रदर्शनी में शस्त्रों को रखने के साथ ही सैन्य अफसर और जवान रिहर्सल भी करके दिखाएंगे कि कैसे चलाया जाता है। इस प्रदर्शनी के जरिए लोगों को सेना की गतिविधियां जानने और समझने का बेहतर मौका है।
शाम 4 से 6 बजे तक होगा शस्त्रों पर रिहर्सल
सुबह 11 प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खोली जाएगी। इसमें रखे शस्त्रों को शाम चार बजे से 6 बजे के बीच युद्घ के दौरान का एक दृश्य दिखाया जाएगा। इसके लिए ग्राउंड में सुरंग भी बनाई गई है। प्रदर्शनी में पहली बार इस तरह युद्ध का नजारा पब्लिक को देखने को मिलेगा।
सेना का बैंड प्रदर्शनी में लगाएगा चार चांद
प्रदर्शनी में 21 जनवरी को सेना का पाइप बैंड, जेज बैंड देश भक्ति धुन पर अपना प्रदर्शन करेगा। सेना के बैंड को देखने का खास मौका है। यह बैंड सेना के अलावा आपको कही भी देखने को नहीं मिलेगा। शाम 4 से 6 बजे तक बैंड अपना प्रदर्शन करेगा।
सेना के खास टैंक को दखने और सेल्फी लेने का मौका
भारतीय सेना में इस्तेमाल होने वाले टैंकों को देखने और उसके साथ सेल्फी लेने का खास मौका है। इसमें टैंक टी-72 एमवन अजेय, इन्फेंट्री कंबैट व्हीकल्स (आईसीवी) टैंक, जमीन में बिछे माइंस को बर्बाद करने वाला रसिया का ट्रैवल्स इन माइंस एफडी, हॉविट्जर डी 30-ए सहित कई टैंकों को शामिल किया गया है। लोग इसके देखने और इसकी कार्यशैली समझने के साथ सेल्फी भी ले सकते हैं।