रनियां। जिले में मानकों को ताख पर रख चल रहे ऑटो व ई-रिक्शों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई में लोगों की जान भी जा रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार नहीं चेत रहे हैं। इससे ऑटो चालक मनमर्जी पर उतारू हैं। क्षमता से अधिक सवारी बैठा फर्राटा भर रहे हैं।
शिवली कस्बा के रूरा तिराहा पर 29 अप्रैल को हुए ऑटो व वैन की टक्कर से ऑटो में बैठे बिरहुन रसूलाबाद निवासी रामसागर उर्फ गोलू व उसकी भांजी सृष्टि की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हो गए थे। वहीं, शनिवार को कानपुर-झांसी हाईवे पर भोगनीपुर चौराहा पर वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया था। हादसे में पांच बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। ऑटो, ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां थीं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने मानकों को ताख पर रखकर फर्राटा भर रहे ऑटो व ई-रिक्शों पर कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा।
रनियां में अब तक कोई निर्धारित ऑटो स्टैंड नहीं है। ऐसे में ऑटो और ई-रिक्शा चालक हाईवे या मुख्य मार्गों पर जहां जगह मिलती है, वहीं वाहन खड़ा कर सवारियां भरने लगते हैं। हाईवे पर बड़े और छोटे वाहनों का लगातार आवागमन होता है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर बीच सड़क वाहन रोकना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
जनपद में संचालित अधिकांश ऑटो में चालकों ने अपनी सीट के दोनों ओर अतिरिक्त सीटें लगवा रखी हैं। यहां तक कि तीन सवारियों की पासिंग होने के बावजूद 10 से 15 सवारियां बैठाकर हाईवे से लेकर मुख्य मार्गाें पर फर्राटा भरते नजर आते हैं। चेकपोस्ट पर खड़े पुलिस कर्मी भी नियम तोड़ने वाले ऑटो पर कार्रवाई करने की जगह मुंह मोड़कर खड़े हो जाते हैं। यदि ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की मनमर्जी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
......................
बीच सड़क पर ऑटो रोक बिठाई सवारी
रविवार सुबह 11 बजे के करीब कानपुर की ओर से आ रहा एक ऑटो में पहले से करीब आठ सवारियां बैठी थीं। रनियां पड़ाव पहुंचते ही दो अन्य सवारियों ने हाथ दिया तो चालक ने बीच सड़क ऑटो रोक दिया और उन्हें बैठाकर आगे चल दिया।
.................
अतिरिक्त सीट लगाकर बिठा रहे सवारी
किशरवल रोड पर रविवार सुबह 11:30 बजे के करीब एक ऑटो में चालक अतिरिक्त सीट लगाए दिखा। चालक तय क्षमता से तीन गुना सवारियां बैठाए दिखा। पास में मौजूद पीआरडी जवान ऑटो चालकों को हाईवे से हटवाने का प्रयास करता नजर आता है लेकिन ऑटो चालक उनको अनदेखा कर खड़े रहते हैं।
.........................
बयान-
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। - विवेक कुमार, यातायात प्रभारी