प्लाट के लिए दिए गए रुपये वापस मांगने पर महिला के प्रॉपर्टी डीलर दोस्त ने उसका हत्या कर दी। रुपये देने के बहाने बुलाकर कार में शराब पिलाई फिर गमछे से उसका गला कस दिया। घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर शव को इकदिल क्षेत्र में स्थित यमुना नदी में फेंक दिया था। महिला की स्कूटी को जलाकर नाले में फेंका था। पुलिस ने शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी महिला ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि सात अप्रैल की रात करीब नौ बजे आईटीआई चौराहा व मैनपुरी फाटक के बीच से उनकी बहन का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके महिला और अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार रात पुलिस लोहन्ना चौराहे के पास से पुलिस ने हत्या में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपने नाम शिवेंद्र यादव (26) निवासी रणवीर नगर व गौरव कश्यप (19) निवासी मुन्नी का अड्डा बताया। पुलिस की पूछताछ में शिवेंद्र ने बताया कि उसकी महिला से दोस्ती थी। महिला ने एक प्लाट का बैनामा कराने के लिए सात लाख उसे रुपये दिए थे। वहीं रुपये महिला अब वापस मांग रही थी। शिवेंद्र के मुताबिक सात अप्रैल की रात में हम दोनों ने शराब पी रखी थी। इस दौरान अंजली फिर रुपये मांगने लगी थी। इस पर विवाद हो गया। आवेश में आकर शिवेंद्र ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी।
शव को छिपाने के लिए साथी गौरव के साथ मिलकर उसे नदी में फेंक दिया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए बताया कि आईटीआई चौराहे के पास नाले में महिला की जली स्कूटी मिली थी। शव को भी इकदिल क्षेत्र से यमुना नदी से बरामद कर लिया है। पुलिस ने गमछा, दो मोबाइल और एक कार भी बरामद की है।